रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार बदलने के बाद निगम, मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्ति का इंतजार कर रहे नेताओं की बांछे खिल गई। सीएम विष्णुदेव साय कैबिनेट सरकार में नियुक्तियों का दौर शुरू हो गया है। लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने 5 विकास प्राधिकरणों में उपाध्यक्ष की नियुक्ति कर दिया है। छत्तीसगढ़ सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने नियुक्ति आदेश भी जारी किए हैं। बस्तर विकास प्राधिकरण, सरगुजा विकास प्राधिकरण, मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण के साथ अनुसूचित विकास प्राधिकरण और पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण में उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।
जारी आदेश के मुताबिक पत्थलगांव विधायक गोमती साय को सरगुजा क्षेत्र विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब को अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कोंडागांव विधायक लता उसेण्डी को बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची को मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बनाया गया है।
5 विधायकों को जिम्मेदारी की मायने...
- अनुसूचित जाति प्रधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहेब बनाए गए हैं। सतनामी समाज को साधने के लिए बीजेपी ने गुरु खुशवंत को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। बलौदाबाजार में हुए हिंसक प्रदर्शन को शांत कराने में खुशवंत की बड़ी भूमिका रही। नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए भाजपा ने सतनामी समाज को साधने यह जिम्मेदारी सौंपी है।
- भाजपा ने पूर्व मंत्री और कोंडागांव विधायक लता उसेंडी को बस्तर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया है। लता उसेंडी के मंत्री बनने की भी अटकलें थीं। फिलहाल उन्हें बस्तर विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लता उसेंडी संगठन में भी जिम्मेदारी संभाल रही हैं। क्षेत्र में अच्छी पकड़ के कारण लता उसेंडी को पार्टी ने जिम्मेदारी सौंपी है।
- सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय को बनाया है। गोमती साय अभी पत्थलगांव से विधायक हैं। इससे पहले वह सांसद भी रह चुकी हैं। गोमती साय को जिम्मेदारी देकर बीजेपी ने आदिवासी समाज को साधने की कोशिश की है। गोमती साय आदिवासियों के कंवर समुदाय से आती है। क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ है।
- मरवाही विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक प्रणव मरपच्ची को मध्य क्षेत्र का उपाध्यक्ष बनाया गया है। प्रणव कुमार मरपच्ची गोंड जाति से ताल्लुक रखते हैं। आर्मी में रह चुके हैं। अनुसूचित जाति जनजाति मोर्चा में पहले भी काम कर चुके हैं, जिस कारण से उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। निकाय चुनाव में लाभ लेने यह भाजपा की रणनीति है।
- दुर्ग ग्रामीण विधानसभा सीट से विधायक ललित चंद्राकर को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। छत्तीसगढ़ में ओबीसी का बड़ा वोटर है। वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार में दुर्ग जिले से कोई मंत्री भी नहीं है। उनकी नियुक्ति से दुर्ग, बालोद और बेमेतरा में इस वर्ग को साधने में मदद मिलेगी।