रायपुर। सरगुजा समेत प्रदेश का उत्तरी हिस्सा एक बार फिर शीतलहर के कारण कड़ाके की सर्दी की चपेट में आ गया। कई जगह न्यूनतम तापमान सामान्य से 5-6 डिग्री तक नीचे चल रहा है। यहां तक कि राजधानी रायपुर में भी पारा सामान्य से 3 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने आज और कल अच्छी ठंड के आसार जताए हैं। हालांकि 8 फरवरी की रात से प्रदेश में फिर हल्के बादल आने की संभावना है। इससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्से में 9 और 10 फरवरी को बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके बाद ही ठंड से राहत मिलेगी।
शुष्क हवा के कारण प्रदेश के सभी हिस्सों में अभी अच्छी ठंड पड़ रही है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के पेंड्रारोड और दुर्ग में शीतलहर चल रही है। अन्य स्थानों पर भी रात का तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री कम होने के कारण यहां भी अच्छी-खासी ठंड महसूस की जा रही है। सोमवार से तापमान में आधे से एक डिग्री की वृद्धि हो सकती है, लेकिन ठंड बनी रहेगी। 9 फरवरी को प्रदेश में समुद्र की ओर से हवा आएगी। इससे उत्तरी तथा पश्चिमी-मध्य छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 8 तारीख को एक पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। इसका प्रभाव उत्तर-पश्चिम भारत पर रहेगा। इस मौसम घटनाक्रम की वजह से छत्तीसगढ़ में हवा की दिशा बदलेगी और बंगाल की खाड़ी तथा कुछ अरब सागर से नमी आने की संभावना है। इससे ही प्रदेश में बारिश हो सकती है।
प्रदेश में रविवार को भी अच्छी ठंड पड़ी। पेंड्रारोड और दुर्ग में शीतलहर चली। यहां रात का तापमान सामान्य से पांच से छह डिग्री नीचे है। बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर तथा राजनांदगांव आदि जगहों पर भी न्यूनतम तापमान नार्मल से तीन से चार डिग्री कम है। सभी जगह तापमान 8 से 12 डिग्री के बीच रिकार्ड किया गया।
(TNS)