रायपुर। राजधानी के भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर की सुरक्षा में तैनात हवलदार राजकुमार नेताम ने बुधवार रात गार्ड रूम में ही खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। उसने सर्विस रायफल को कनपटी के पास रखकर फायर कर लिया। गोली की आवाज सुनकर वहां तैनात सुरक्षा गार्ड भागकर गार्ड रूम पहुंचे। कमरे में खून हवलदार की लाश खून से लथपथ पड़ी थी। सुरक्षा गार्ड ने कंपनी कमांडर और आला अधिकारियों को सूचना दी। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस ने बताया कि मूलतरू कांकेर निवासी हवलदार राजकुमार नेताम (49) माना स्थित चौथी बटालियन में पदस्थ थे। उनकी ड्यूटी भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में थी। वे वहां के सुरक्षा प्रभारी थे। उनकी चार सिपाहियों के साथ ड्यूटी लगी थी। वहीं उन्हें एकात्मक परिसर में कमरे का क्वार्टर मिला था, जहां वे बाकी जवानों के साथ रहते थे। पिछले 6 माह से वे यहां ड्यूटी कर रहे थे। जनवरी में राजकुमार छुट्टी में गए थे। वहां से 4 फरवरी को लौटे। पिछले दो-तीन दिनों से वे परेशान चल रहे थे, क्योंकि हाल ही में उनके सास-ससुर की मृत्यु हो गई है। उनका 17 फरवरी को उनका दशगात्र है। राजकुमार वहां जाना चाहते थे।
बताया जाता है कि बुधवार की सुबह से राजकुमार तनाव में था। उसकी स्थिति देखकर जवानों ने उसकी सर्विस रायफल कमरे से हटाकर गार्ड रूम में गद्दे के नीचे छिपा दिया था। राजकुमार के रायफल की मैगजीन भी निकालकर अलग कर दी गई थी। वह शाम को घूमकर आए और अपने कमरे में चले गए। बाद में रायफल को ढूंढते हुए गार्ड रूम में आए। जहां गोली मारकर खुदकुशी कर लिया। उन्होंने दो दिन की छुट्टी का आवेदन किया था। पुलिस के अनुसार राजकुमार की एक बेटी-बेटा है। दोनों कांकेर में अपनी मां के साथ रहते हैं।
(TNS)